ट्वेन्टी 20 क्रिकेट का डेढ़ महीने का रंगारंग कार्यक्रम कल से शुरू हो रहा है और आईपीएल पहली बार का जादू दोहराने की कोशिश करेगा. सुरक्षा कारणों से पिछली बार का आईपीएल भारत से बाहर दक्षिण अफ्रीका में खेला गया था.
आईपीएल थ्री में दीपिका के जलवे भी.
मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में शुक्रवार को पहला मुक़ाबला पिछले साल की चैंपियन डेक्कन चार्जर्स और आख़िरी पायदान पर रहने वाली कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच होगा. इससे पहले अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लायोनल रिची, यूबी 40 और जोर्न अगान का रंगारंग कार्यक्रम पेश किया जाएगा. 45 दिनों के क्रिकेट के कुंभ की शुरुआत में बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण भी अपने जलवे बिखेरेंगी.
शुरुआती कार्यक्रम के बाद ग्राउंड से शानदार आतिशबाज़ी की जाएगी और मुंबई की शाम को रोशनी से नहाने के बाद स्टेडियम से बारूद और राख हटाई जाएगी. फिर शुरू होगा मुक़ाबला, पिछले बार की नंबर एक और नंबर आठ टीमों के बीच.
मुक़ाबले के दूसरे दिन दो दिग्गजों की भिड़ंत होने वाली है. दक्षिण मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में मुंबई और राजस्थान के बीच मुक़ाबला होगा. सचिन तेंदुलकर की मुंबई की टीम शेन वॉर्न की टीम से टकराएगी. वॉर्न की टीम ने पहला आईपीएल जीता था.
हालांकि अपने राष्ट्रीय टीम की व्यसतता के कारण कुछ बड़े सितारे आईपीएल शुरू होने के वक्त इससे नहीं जुड़ पाएंगे. ऐसी टीमों को शुरुआती मुक़ाबलों में दूसरे खिलाड़ियों से काम चलाना होगा.
आईपीएल 3 के बाद खिलाड़ियों की नए सिरे से नीलामी होगी क्योंकि अगले साल आईपीएल 4 में दो और टीमों को शामिल किया जाएगा. क्रिकेटरों को भी इस बात का पता है कि इस साल उनके बेहतर प्रदर्शन से अगले सीज़न में उनकी मांग बढ़ेगी.
डेक्कन चार्जर्स के एडम गिलक्रिस्ट पर होगी नज़र.
इस साल तीन नए ग्राउंडों पर आईपीएल के मैच खेले जाएंगे. ये हैं अहमदाबाद, कटक और धर्मशाला. डेक्कन चार्जर्स अपने मैच हैदराबाद में नहीं, बल्कि नवी मुंबई, कटक और नागपुर में खेलेगी. तेलंगाना संघर्ष की वजह से हैदराबाद से आईपीएल मैच हटा दिए गए हैं.
आईपीएल 3 में दो स्ट्रेटेजिक ब्रेक भी होंगे. ढाई ढाई मिनट के ये ब्रेक दो बार लिए जाएंगे. फ़ील्डिंग करने वाली टीम छठे से आठवें ओवर के बीच यह ब्रेक ले सकती है, जबकि बल्लेबाज़ी करने वाली टीम 11वें से 16वें ओवर के बीच. इस ब्रेक के दौरान न सिर्फ़ टीमों को तेज़ रफ़्तार के बीच थोड़ा सुस्ताने का मौक़ा मिलता है, बल्कि खेल में आगे की रणनीति तैयार करने में भी मदद मिलती है.
पहले मैच में जिस खिलाड़ी पर सबसे ज़्यादा नज़र होगी, वह हैं डेक्कन चार्जर्स के कप्तान एडम गिलक्रिस्ट. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायर हो चुके गिलक्रिस्ट आईपीएल के सबसे सफल बल्लेबाज़ों में हैं.
रिपोर्टः पीटीआई/ए जमाल
संपादनः आभा मोंढे