1. Inhalt
  2. Navigation
  3. Weitere Inhalte
  4. Metanavigation
  5. Suche
  6. Choose from 30 Languages

समाचार | 08.02.2012 | 15:48

होम्स में सौ प्रदर्शनकारियों की मौत

सीरिया की सेना ने होम्स शहर में प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की जिसमें 100 लोगों की मौत की रिपोर्टें हैं. उधर तुर्की राष्ट्रपति बशर अल असद के खिलाफ नया कूटनीतिक कदम उठाने की तैयारी में दिख रहा है. प्रधानमंत्री रिसेप तैयप एर्दोआन ने बुधवार देर शाम रुसी राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव से बात कर रहे हैं. तुर्की के प्रधानमंत्री सीरिया पर संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंध प्रस्ताव पर चीन और रूस के वीटो को तमाशा बताया. रूसी प्रधानमंत्री व्लादीमीर पुतिन ने सीरिया में लीबिया जैसी पश्चिमी मध्यस्थता की निंदा की थी.

भारत अमेरिकी कारोबार 100 अरब डॉलर के पार

भारत को एक महान आर्थिक शक्ति बताते हुए अमेरिका ने कहा कि इस साल तक भारत के साथ उसका कारोबार 100 अरब डॉलर को पार कर जाएगा. इस तरह साल 2000 के आंकड़ों में चौगुना इजाफा होगा. भारत के लिए अमेरिका की अगली राजदूत तय की जा चुकीं नैन्सी पॉवेल ने कहा, "आज मैं देखती हूं कि भारत ने खुद को विश्व के अनुसार ढाल लिया है. भारत एक आर्थिक महाशक्ति बन गया है. यह पिछले एक दशक से लगातार औसत सात प्रतिशत की दर से विकास कर रहा है और अपने लाखों लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर ला चुका है." उन्होंने कहा कि भारत के साथ बेहतर रिश्ते बनाने के अलावा अमेरिका का वहां होने वाला निर्यात बढ़ाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी. पॉवेल ने कहा कि वह शिक्षा, ऊर्जा, खेती और विकास के क्षेत्रों में भी काम करना चाहेंगी. भारत में करीब सवा अरब की आबादी है, जो उसकी सबसे बड़ी मजबूती है. वहां हर साल अमेरिका से निर्यात 17 फीसदी की दर से बढ़ रहा है. पॉवेल ने कहा कि इस साल यानी 2012 में भारत और अमेरिका का कारोबार 100 अरब डॉलर को पार कर जाएगा, जबकि 2014 में यह 2009 की तुलना में दोगुना हो जाएगा.

पोर्न कांड में फंसे मंत्री 12 मार्च तक सस्पेंड

कर्नाटक में जिन तीन मंत्रियों को विधानसभा के अंदर आपत्तिजनक वीडियो के आधार पर इस्तीफा देना पड़ा है, वे 12 मार्च तक कार्यवाही में शामिल नहीं हो सकेंगे. तब तक विधानसभा की जांच की रिपोर्ट आ जाएगी. विधानसभा के स्पीकर केजी बोपैया ने तीनों से 13 फरवरी तक अपनी सफाई देने को कहा है, जिसके बाद छह सदस्यों वाली टीम इस मामले की जांच करेगी. इस टीम में बीजेपी, कांग्रेस और जेडीएस के दो दो सदस्य होंगे. बोपैया ने कहा कि तब तक इन तीनों को विधानसभा आने की इजाजत नहीं होगी. हालांकि कांग्रेस स्पीकर के इस फैसले से संतुष्ट नहीं है. उसका कहना है कि वह कमेटी का बहिष्कार करेगी. पार्टी की मांग थी कि तीनों विधायकों की सदस्यता खत्म कर दी जानी चाहिए. कांग्रेस के सिद्दारमैया ने कहा कि कमेटी की क्या जरूरत है, जबकि तीनों ने खुद ही मान लिया है कि वह क्लिप देख रहे थे. उन्हें बर्खास्त किया जाना चाहिए. लेकिन बोपैया ने अपनी बात कहने के बाद सभा को दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया.

ईसा की तस्वीर पर सीपीएम की तारीफ

भारत में सीपीएम के एक जलसे में ईसा मसीह की तस्वीर को लेकर चल रहे विवादों के बीच तिरुअनंतपुरम के जैकोबाइट सीरियन चर्च ने पार्टी की तारीफ की है. उसने कहा है कि ईसा मसीह मानव इतिहास में सबसे बड़े क्रांतिकारी रहे हैं. इससे पहले स्थानीय चर्च ने सीपीएम की निंदा की थी. शहर में सीपीएम की प्रदर्शनी देखने के बाद मेट्रोपोलिटन वर्गीस मार कूरीलोस ने कहा, "सीपीएम ने जो कुछ किया है, उसमें कुछ गलत नहीं है. मैं एक ईसाई हूं, जो इस बात में विश्वास रखता है कि ईसा मसीह सबसे बड़े क्रांतिकारी रहे हैं." उन्होंने कहा कि अगर मानव सभ्यता में अहम किरदार निभाने वाले लोगों में ईसा मसीह की ही तस्वीर नहीं होती तो फिर उस सूची का कोई फायदा ही नहीं था और इस तरह के विवाद का कोई मतलब नहीं है. उन्होंने कहा कि केरल की सोसाइटी इतनी परिपक्व है कि वह इस बात को बखूबी समझ सकती है. सलीब पर लटके ईसा मसीह की पेंटिंग पर सफाई देते हुए सीपीएम महासचिव प्रकाश करात ने कहा कि इस तस्वीर से किसी धार्मिक भावनाओं के बारे में नहीं विचार किया जाना चाहिए. उन्होंने आयोजन का उद्घाटन करते हुए कहा कि यहां तक कि क्यूबा के राष्ट्रपति फिडेल कास्त्रो ने भी कहा है कि कम्युनिस्ट और ईसाइयत एक साथ चल सकती है.

मालदीव के नए शासन को भारत का समर्थन

भारत ने पड़ोसी देश मालदीव को साफ किया है कि उनके नए शासन के साथ भी भारत के अच्छे रिश्ते बने रहेंगे. द्वीपीय देश मालदीव में अचानक सत्ता बदले जाने के बाद मोहम्मद वहीद देश के नए राष्ट्रपति बने हैं. भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उन्हें खत लिखा है कि देश में शांति के लिए भारत उनका समर्थन करता रहेगा. इसके फौरन बाद वहीद ने भारतीय प्रधानमंत्री को फोन करके धन्यवाद दिया और कहा कि वह जल्द से जल्द प्रधानमंत्री सिंह से मिलने की कोशिश करेंगे ताकि दोनों देशों के अच्छे रिश्ते बने रहें. वहीद पहले मोहम्मद नशीद के राष्ट्रपति काल में उप राष्ट्रपति थे. मंगलवार को अचानक नशीद ने इस्तीफा दे दिया. वहीद को लिखे पत्र में भारतीय प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत हमेशा से एक नजदीकी और एक दोस्त के तौर पर पड़ोसी होने का रोल अदा करता रहेगा. वह मालदीव की जनता को मदद करेगा ताकि वे एक मजबूत राष्ट्र बना सकें.

हम किसी से समझौता नहीं करेंगेः सोनिया

भारत में कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दावा किया कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने के लिए चुनाव लड़ रही है किसी के साथ गठबंधन करने के लिए नहीं. चमरौली इलाके में चुनाव प्रचार करते हुए सोनिया ने कहा कि कांग्रेस आम लोगों के साथ भरोसा बनाना चाहती है और उनके सुख दुख में साथ खड़ी होना चाहती है. सोनिया ने कहा कि बीजेपी, बीएसपी और समाजवादी पार्टियों में कोई फर्क नहीं है क्योंकि ये सभी कभी न कभी आपस में गठजोड़ कर चुकी हैं. उनका कहना है कि यह सब सत्ता के लिए किया गया. कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि पिछले 20-22 साल में राज्य की जनता के साथ धोखा दिया गया. सोनिया ने कहा, "इस दौरान या तो अपराधियों का शासन रहा या फिर भ्रष्ट लोगों का." उन्होंने दावा किया कि अगर केंद्र सरकार ने राज्य के लोगों की मदद न की होती तो हालात और बुरे होते.